Breaking News

लोकसभा चुनाव: यूपी में पहले चरण का प्रचार थमा

लखनऊ, लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिये उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर चुनाव प्रचार बुधवार शाम छह बजे थम गया।

पहले चरण में सहारनपुर, कैराना, मुज्जफनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, पीलीभीत और रामपुर सीट के लिये 19 अप्रैल को वोट डाले जायेंगे। सात चरणों में होने वाले चुनाव की मतगणना चार जून को होगी। आठ सीटों पर 80 उम्मीदवार मैदान पर है जिनमें 73 पुरुष व सात महिला प्रत्याशी हैं। कैराना में सबसे अधिक 14 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है वहीं नगीना और रामपुर में छह छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा),कांंग्रेस,समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) समेत विभिन्न दलों के प्रत्याशियाें ने जम कर चुनाव प्रचार किया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सहारनपुर में पार्टी प्रत्याशी इमरान मसूद के समर्थन में रोड शो निकाला वहीं गाजियाबाद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा सरकार की कमिया गिनायीं।

सहारनपुर लोकसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के राघव लखनपाल और इंडिया समूह के इमरान मसूद के बीच है। बसपा ने यहां से माजिद अली को उम्मीदवार बनाया है।2019 के चुनाव में बसपा के हाजी फजीलुर रहमान ने यहां भाजपा के राघव लखनपाल को 22 हजार से अधिक मतों से हराया था। कैराना में भाजपा के मौजूदा सांसद प्रदीप कुमार और इंडिया समूह के इकरा हसन के बीच टक्कर है।

मुजफ्फरनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के मौजूदा सांसद संजीव कुमार बलियान अपनी सीट बचाने के लिये इंडिया समूह के हरेंद्र मलिक और बसपा के दारा सिंह प्रजापति से टक्कर ले रहे हैं। बिजनौर में राजग गठबंधन के प्रत्याशी रालोद उम्मीदवार चंदन चौहान का मुकाबला इंडिया समूह के प्रत्याशी दीपक सैनी से है। यहां से 2019 में बसपा के मलूक नागर ने जीत हासिल की थी। नगीना से भाजपा के ओम कुमार और इंडिया समूह के सपा प्रत्याशी मनोज कुमार राजवंशी के बीच मुकाबला है। बसपा ने सुरेंद्र पाल सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर चुनाव का मुकाबला दिलचस्प होने वाला है क्योंकि इस सीट से चंद्रशेखर आजाद भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे है।