सरकार पीड़ित परिवारों के साथः ब्रजेश पाठक

लखनऊ, लखनऊ के कैसरबाग इलाके स्थित मछली मंडी में पुराने पेड़ के गिरने से हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने मंगलवार शाम को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बलरामपुर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात के बाद उन्होने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। घायलों का समुचित उपचार कराया जा रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
इस दौरान अस्पताल में उन्होंने घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात करते हुए, हर संभव मदद के लिये आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि चारों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन, नगर निगम एवं वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पूरे जिले में पुराने पेड़ों को चिन्हित करें एवं उन्हें नियमानुसार हटवाने की प्रक्रिया शुरू करें ताकि इस तरह से हादसों को पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि घायलों का निःशुल्क इलाज कराया जा रहा है। पाठक ने बताया कि इस हादसे में रामू नामक व्यक्ति हताहत और रिजवान, शोएब, अभिषेक व मोहम्मद अरमान रसूल घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
अस्पताल पहुचने से पूर्व मछली मंडी में हुए हादसे के तुरंत बाद उपमुख्यमंत्री घटनास्थल पर भी पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की और घटना के बारे में पूरी जानकारी हासिल की।





