होली पर मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ा अभियान, 19 लाख से अधिक का खाद्य तेल व रंगीन कचरी जब्त

कानपुर , आगामी होली पर्व के मद्देनज़र कानपुर में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की।

अभियान के दौरान कुल 13,972 लीटर खाद्य तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 18,15,110 रुपये आंकी गई है, का नमूना संग्रहण कर उसे जब्त किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के समय मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में तिवारीपुर, जाजमऊ स्थित एक कचरी निर्माण स्थल पर छापेमारी के दौरान लगभग 1,350 किलोग्राम रंगीन कचरी बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 87,750 रुपये है। जांच में कचरी में अत्यधिक मात्रा में कृत्रिम रंग की मिलावट पाए जाने पर नमूना लेकर पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।

इसके अलावा आवास-विकास-3, कल्याणपुर क्षेत्र में नकली खाद्य पदार्थ निर्माण की सूचना पर टीम ने छापा मारा। मौके पर रिफाइंड ऑयल, वनस्पति और एसेंस का उपयोग कर संदिग्ध घी तैयार किया जा रहा था। वहां नमूना संग्रहण और जब्ती की कार्रवाई जारी है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण व बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए जनपद में लगातार अभियान चलाया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जब्त नमूनों को परीक्षण के लिये प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button