राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी पर अजय राय ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना

लखनऊ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े एक विवादित बयान को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ट्रंप का भारत को “नरक” जैसी जगह बताना हर भारतीय का अपमान है और इस पर सरकार की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो खुद को “शेर” बताते हैं, वे इस तरह के अंतरराष्ट्रीय अपमान पर मौन साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही सरकार की “लाल आंख” वाली कूटनीति है। राय ने आरोप लगाया कि जब देश के सम्मान की बात आती है, तो प्रधानमंत्री ट्रंप के सामने कड़ा रुख नहीं अपनाते।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी रेडियो होस्ट माइकल सैवेज के एक पत्र को रीपोस्ट किया है। इस पत्र में भारत, चीन और अन्य देशों को “नरक जैसी जगह” बताया गया है। साथ ही, अमेरिकी जन्मसिद्ध नागरिकता कानून पर सवाल उठाते हुए पत्र में यह दावा किया गया कि इन देशों के लोग अमेरिका में बच्चे को जन्म देकर नागरिकता का लाभ उठाते हैं। पत्र में भारतीय और चीनी प्रवासियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे विवाद और गहरा गया है।
अजय राय ने कहा कि भारत की अस्मिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने इसे देश के सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए तत्काल प्रतिक्रिया की मांग की है।
इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं, और आने वाले दिनों में इस पर केंद्र सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।





