प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समग्र विकास की अवधारणा हो रही है साकार: मुख्यमंत्री योगी

वाराणसी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत न सिर्फ भौतिक विकास के प्रतिमान स्थापित कर रहा है बल्कि नया भारत समग्र विकास की अवधारणा को साकार कर रहा है।

बरेका मैदान में 6,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये योगी ने कहा , “ नए भारत के निर्माता और सबसे लोकप्रिय जननायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। प्रधानमंत्री जी के विजन का परिणाम है कि आज हम सब नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। यह नया भारत न केवल भौतिक विकास के प्रतिमान स्थापित कर रहा है, बल्कि समग्र विकास की अवधारणा को साकार करते हुए विकसित भारत की कल्पना को पूरा कर रहा है।”

उन्होने कहा , “ हम सब इस बात को जानते हैं कि प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि देश में चार ही जातियां हैं और इन चार जातियों में समग्र समाज समाहित है। उन्होंने इन चार जातियों के रूप में नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता का उल्लेख किया था। विराट विजन के अनुरूप इन चारों तबकों को आगे ले जाना है। प्रत्येक योजना का लाभ इनसे जोड़ते हुए आर्थिक स्वावलंबन, सम्मान, सुरक्षा और दूरदृष्टि के माध्यम से नए भारत की संकल्पना का विजन प्रधानमंत्री जी ने हमें दिया है।”

Related Articles

Back to top button