आईसीएससी परीक्षा परिणाम घोषित,प्रयागराज के मेधावियों ने किया शानदार प्रदर्शन

प्रयागराज, काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) द्वारा घोषित आईसीएससी 10वीं और 12वीं परीक्षा परिणाम 2026 में संगम नगरी प्रयागराज के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का मान बढ़ाया है। सेंट जोसेफ कॉलेज के हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन किया।

वेदांत दास ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रांजल पांडे और यशार्थ प्रताप सिंह ने 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि दिवित पारीक और रिजवान रहमान ने 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में भी सेंट जोसेफ कॉलेज के छात्रों का दबदबा कायम रहा। निष्कर्ष गुप्ता ने 99.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। आवाह्न कुशवाहा और शुभांकर घोष ने 98.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि कौशतुभ त्रिपाठी ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

गर्ल्स हाई स्कूल (जीएचएस) की छात्राओं ने भी उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। हाईस्कूल में लक्षिता कुशवाहा ने 98.20 प्रतिशत, सारा खान ने 98.60 प्रतिशत और आराध्या राठौर ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं जीएचएस के इंटरमीडिएट परिणामों में आर्या सिंह और शरण्या श्रीवास्तव ने 98 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि छवि अमित सचदेवा और माही जायसवाल ने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

रिजल्ट घोषित होते ही स्कूल परिसरों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया और शिक्षकों से आशीर्वाद लिया। शिक्षकों ने भी छात्रों की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button