Breaking News

विक्टरी डे परेड में हिस्सा लेंगी, भारत की तीनों सेनायें

नयी दिल्ली ,  भारत की तीनों सेनाओं की एक 75 सदस्यीय टुकड़ी रूस की वार्षिक विक्टरी डे परेड में हिस्सा लेगी। रूस की राजधानी मास्को के रेड स्क्वेयर पर 24 जून को इस परेड का आयोजन किया जायेगा।

द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी को हराने की याद में प्रत्येक वर्ष इस परेड का आयोजन होता है। इस वर्ष इस परेड की 75वीं वर्षगांठ है।
रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने विक्टरी डे परेड में हिस्सा लेने के लिए भारतीय दल काे आमंत्रित किया था। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने परेड में हिस्सा लेने के लिए भारतीय सैन्य टुकड़ी को भेजने पर सहमति जताई है।

रक्षा मंत्रालय ने यहां एक वक्तव्य जारी कर कहा, “ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ मई को विक्टरी डे के अवसर पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक पत्र लिखकर बधाई दी थी। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने भी रूसी रक्षा मंत्री श्री शोइगु को एक शुभकामना संदेश भेजा था।” इस परेड में अन्य देशों की सैन्य टुकड़ियां भी हिस्सा लेंगी।