Breaking News

पीओके को पाकिस्तान में दिखाने पर कांग्रेस ने जताया एतराज, कार्रवाई की मांग की

नयी दिल्ली, विद्यार्थियों की पाठ्य सामग्री में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को पड़ोसी देश में दिखाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से कांग्रेस ने तुरंत इस्तीफा की मांग की है।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता एवं वरिष्ठ निगम पार्षद मुकेश गोयल ने नगर निगम के विद्यार्थियों की पाठ्य सामग्री में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को पड़ोसी देश में दिखाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से तुरंत इस्तीफा की मांग की है।

श्री गोयल ने शुक्रवार इसे देश की संप्रभुता एवं अखंडता पर गहरी चोट बताते हुए कहा कि सत्ताधारी भाजपा के नेताओं को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि निगम की चौथी कक्षा की पाठ्य सामग्री में भारत के नक्शे में पीओके को पाकिस्तान में दिखाया गया है। ऐसा भूलवश हुआ या फिर साजिश के तहत किया गया? इसकी भी जांच की जानी चाहिए, क्योंकि बच्चे देश के भविष्य होते हैं और छोटे-छोटे बच्चों को यदि कुछ गलत पढ़ाया जा रहा है तो यह कोई साजिश भी हो सकती है।

श्री गोयल ने कहा कि निगम में सत्ताधारी भाजपा और दिल्ली की सत्ता में बैठी आम आदमी पार्टी आपस में नूरा-कुश्ती कर रहे हैं। दोनों का ध्यान केवल राजनीति पर है, उनका ध्यान निगम की सेवाओं में सुधार पर बिलकुल नहीं है।

उन्होंने मांग की कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और दूसरी सभी सेवाओं के मामले में निगम लगातार पिछड़ता जा रहा है। ऐसे में पीओके के नक्शा प्रकरण की जांच करवाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आप और भाजपा के लोग निगमों को चला पाने में असमर्थ साबित हो रहे हैं ,अतः नगर निगमों को तुरंत भंग किया जाना चाहिए।