नई दिल्ली, पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में शीत लहर के चलते जबरदस्त ठंड पड़ेगी। इसके साथ ही नए साल का स्वागत भी कड़ाके की ठंड के साथ होगा।

मौसम विभाग के मुताबिक 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का अनुमान है, इसलिए उस दिन ठंड ज्यादा रहेगी।  राजधानी समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों को अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने कहा कि शीत लहर  के कारण अभी अगले दो दिन में राजधानी दिल्ली सहित  हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अधिकतर इलाकों में अगले दो दिन तक शीत लहर की रफ्तार तेज होने की संभावना है। जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। साथ ही अगले दो दिनों में इन सभी राज्यों में ठिठुरन वाली ठंड पड़ने की आशंका है।

डलहौजी में पारा माइनस में चला गया है। यहां करीब 4 फीट बर्फबारी हुई है।  तमाम टूरिस्ट फंस गए हैं। शिमला में सीजन की ये पहली बर्फबारी हुई है। लेकिन बर्फबारी की मार से ऊपरी शिमला का संपर्क देश और दुनिया से कट चुका है, जो जहां हैं, वहीं रह गया है। शिमला शहर के कई इलाकों में बिजली भी गुल है। हिमाचल प्रदेश के सोलन में भी जबरदस्त बर्फबारी हो रही है।हिमाचल प्रदेश के चैल में मौसम की पहली बर्फबारी हुई है।

कश्मीर के श्रीनगर में आसमान से बर्फ गिर रही है। सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। कश्मीर में 40 दिन का ‘चिलाई कलां’ का दौर चल रहा है, इस दौरान कश्मीर में कड़ाके की ठंड के साथ भयंकर बर्फबारी होती है।चिलाई कलां 21 दिसंबर से शुरू हुआ है और 31 जनवरी तक चलेगा। सर्दी का आलम ये रहता है कि पानी की लाइनें भी जम जाती हैं।

राजस्थान में जहां गर्मियों में पारा 50 डिग्री के पार पहुंच जाता है, वहां आजकल बर्फ जम रही है। खुले बर्तनों में रखा पानी जम जा रहा है, तो पेड़ों पर ओस की बूंदें भी बर्फ बन रही है। राजस्थान के माउंट आबू में तापमान लुढ़ककर -4 डिग्री पर आ गया है। खेतों में बर्फ की चादर सी बिछी हुई है। माउंट आबू में ओस जमकर बर्फ बन गई है। गर्मियों में देश का सबसे गर्म शहर बनने वाला फतेहपुर शेखावटी, आजकल बर्फिस्तान बना हुआ है। फतेहपुर शेखावटी में इस वक्त शिमला जैसा मौसम है।

मध्य प्रदेश भी ठंड से जम रहा है। यहां मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में सुबह-सुबह खेतों में फसलों पर बर्फ ही बर्फ जमी हुई दिखाई दे रही है। मंदसौर में पाला पड़ रहा है। किसानों को डर है कि कहीं उनकी फसलें खराब ना हो जाएं। चना, गेहूं, मेथी, आलू और अफीम की खेती के लिए ये पाला बहुत ही नुकसान दायक है।