पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ में की गोलीबारी

जम्मू, पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्षविराम का फिर उल्लंघन करते हुए शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने शाम करीब 17.30 बजे नियत्रंण रेखा से लगे शाहपुर , किरनी और क्यूसबा सेक्टर में अकारण गोलीबारी की। भारतीय सैनिकों ने भी इस कृत्य का माकूल जवाब दिया।

प्रवक्ता के मुताबिक भारतीय पक्ष से किसी के घायल होने अथवा बड़े नुकसान की रिपोर्ट नहीं है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने आज तड़के एक बजे बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा से लगे रिहायशी इलाकों और नानक चौकी को निशाना बनाते हुए मोर्टार दागे और अन्य हथियारों से गाेलीबारी की। यहां भी भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों तरफ से करीब आधे घंटे तक गोलीबारी हुई।