Breaking News

आंध्र प्रदेश में कोरोना को लेकर आई राहत भरी खबर

विजयवाड़ा ,आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 7,228 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार को 6.46 लाख से अधिक हो गयी लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ लोगों की संख्या में इजाफा होने से सक्रिय मामलों में कमी दर्ज की गयी है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 6,46,530 हो गयी है। इस दौरान 8,291 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या बढ़ कर 5,70,667 हो गयी। इस अवधि में 45 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 5,506 पहुंच गया है।
राहत की बात यह है कि राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़ कर 88.26 फीसदी हो गयी है जो राष्ट्रीय औसत की तुलना में काफी अधिक है।

राज्य में सक्रिय मामलाें में 1,108 की कमी दर्ज की गयी जिससे कुल मामले 70,357 रह गये जो मंगलवार को 71,465 थे। सभी संक्रमित मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित आंध्र प्रदेश संक्रमण के मामले में पूरे देश में महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। सक्रिय मामलों के मामले में आंध्र कर्नाटक के बाद तीसरे स्थान पर है।