Breaking News

संतकबीरनगर में छह और मिले कोरोना संक्रमित, संख्या हुई 52

संतकबीरनगर , उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में प्रवासियों के आने का सिलसिला जारी है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को मिली जांच रिपोर्ट में छह और लोगों के कोरोना पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।

जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने यहां बताया कि 14 मई को ट्रेन से मुंबई से आए खलीलाबाद के जंगल कलां गांव व्यक्ति स्क्रीनिंग में एसिम्प्टोमेटिक पाए गए थे। दो दिन पहले बुखार होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करके सैंपल लिया गया। आज आई रिपोर्ट में संक्रमित पाए गए। साथ ही उनकी पत्नी जिन्होंने खाना दिया था और वह घर में अलग रहती थी लेकिन वह भी संपर्क में थी। उसकी भी जांच कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मुंबई से लौटे बेलहर क्षेत्र के मुण्डेरी गांव निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति मृत्यु हो गई थी। उसके संपर्क में आए 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी पाॅजिटिव मिली है। जिलाधिकारी ने बताया कि इसी क्रम में मुंबई से चार लोग जांच के लिए ट्रांजिट कैंप से रेण्डम पूल टेस्ट के लिए अलग किया गया था।

इनकी भी जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। ये सभी अपने गांव नहीं गए थे इसलिए इनका परिवार सुरक्षित है। दूसरे संपर्कों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 52 हो गई है। इनमें से अब तक चार की मृत्यु हो चुकी है। 27 स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। शेष अस्पताल में भर्ती हैं।