Breaking News

प्रदेशों की राज्य स्टार्टअप रैंकिंग घोषित, ये राज्य रहा सर्वोत्तम?

नयी दिल्ली, केंद्र सरकार की नए उद्यमियों के लिए अनुकूल माहाैल का आकलन करने के लिए घोषित ‘राज्य स्टार्टअप रैंकिंग’ में गुजरात को सर्वोत्तम बताया गया है और कर्नाटक तथा केरल को शीर्ष स्थान दिया है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्याेग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यहां इस सूची की घोषणा की। इस अवसर मंत्रालय में राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और सोमप्रकाश भी मौजूद थे। विभिन्न राज्य में संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में शिरकत की।

रैंकिंग तैयार करने की प्रक्रिया में 22 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया था। सूची के अनुसार नए उद्यमियों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने में सभी राज्यों में गुजरात सर्वोत्तम है जबकि केरल और कर्नाटक शीर्ष पर हैं। केंद्र शासित प्रदेशों में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सर्वोत्तम घोषित किया गया है।

इसके अलावा महाराष्ट्र, बिहार, ओडिशा, राजस्थान और चंडीगढ़ को अग्रणी माना गया है। पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड झारखंड और हरियाणा को आकांक्षी अग्रणी घोषित किया गया है। स्टार्टअप के लिए अनुकूल माहौल बनाने में छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, तमिलनाडु, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम, मध्यप्रदेश और असम का चयन किया गया है।

यह रैंकिंग उद्याेग एवं अंदरूनी व्यापार संवर्धन विभाग ने तैयार की है जिसके लिए राज्यों का संस्थागत सहयोग, सरल निर्देश, सरकारी खरीद के मानकों में छूट, तकनीकी सहयोग, वित्तीय मदद, जागरुकता और पहुंच के आधार पर आकलन किया गया था।