Breaking News

स्वच्छ भारत अभियान बना जन आंदोलन, देश मे लाया ये क्रांतिकारी बदलाव

नई दिल्ली , केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्वच्छ भारत अभियान को जन आंदोलन करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि देश को स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए साफ सफाई की अवधारणा में परिवर्तन करने की जरूरत है।

श्री पुरी ने महात्मा गांधी की 151 वीं जयंती पर स्वच्छ भारत अभियान के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के लोग स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण के प्रति कटिबद्ध है। स्वच्छ भारत अभियान की सफलता इसका प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में 12 करोड़ से अधिक लोगों का भाग लेना इसका जीवंत उदाहरण है।

कार्यक्रम में मंत्रालय में सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर सभी राज्यों के प्रतिनिधि तथा नगर निगम और नगर पालिकाओं के अधिकारी मौजूद थे।

श्री पुरी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान महात्मा गांधी की151 वीं जयंती पर देश में साफ- सफाई की अवधारणा में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले कार्यक्रम के तौर पर अपने छह साल पूरे कर रहा है जिसने शौचालय को किसी भी मकान के अनिवार्य हिस्से में रुप स्थापित किया है और शहरों में साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।