UP में आसमान से बरस रहे अंगार,पारा 47 के पार

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। आसमान से बरस रही आग ने लगभग पूरे प्रदेश में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बांदा में आज दिन का अधिकतम रिकार्ड 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में गर्मी और लू के प्रकोप से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम के तल्ख मिजाज ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सुबह 11 बजे तक गर्मी और लू के चलते सड़कें सुनसान हो रही हैं। गर्मी से पशु पक्षी भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। चिकित्सकों ने हीट स्ट्रोक से बचने के लिये पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पानी और खीरा ककड़र आदि के सेवन की सलाह दी है जबकि जरुरी दशा में बाहर निकलने से पहले खुद को सूती कपड़ों से ढकने की भी सलाह दी जा रही है।

उधर मौसम विभाग के प्रवक्ता ने शनिवार शाम बताया कि निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म पछुआ हवाओं के साथ आतंरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से प्रदेश अधिकतम तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी के परिणामस्वरूप आज प्रदेश में चल रही लू की तीव्रता एवं दायरा बढ़ने के साथ ही बांदा में अप्रैल महीने के पूर्ववर्ती सर्वाधिक 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान की बराबरी के साथ भीषण लू का प्रकोप रहा। मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, बलिया, वाराणसी, गाज़ीपुर व प्रयागराज में उष्ण लहर (लू) की स्थितियाँ परिलक्षित हुईं|।उक्त परिस्थितियों में आगामी 2 दिनों के दौरान कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने के दृष्टिगत प्रदेश में 27 अप्रैल तक उष्ण लहर (लू) की स्थितियाँ ऐसे ही जारी रहने के साथ प्रदेश में कहीं-कहीं उष्ण रात्रि होने की भी संभावना है|

इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से वर्षा का दौर आरम्भ होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने तथा इसके उत्तरोत्तर वृद्धि के साथ मई की शुरुआत तक जारी रहने की संभावना के दृष्टिगत तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के संकेत है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में भी 26-27 अप्रैल के दौरान कहीं-कहीं लू की स्थितियाँ बनने की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा शनिवार को जारी हीट वेव बुलेटिन में कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, झांसी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हाथरस और एटा समेत अनेक जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।

राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज, वाराणसी और बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है, जबकि आगरा, मथुरा, इटावा, फिरोजाबाद और अलीगढ़ मंडल में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर में भी तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने के बाद हल्की गिरावट संभव है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि के संकेत हैं। 27 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा और बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि 29 और 30 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती वस्त्र पहनने तथा बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। किसानों को गन्ना, ग्रीष्मकालीन मक्का, दलहन और सब्जियों की सिंचाई नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button