Breaking News

बिहार में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पुत्र की हत्या

बक्सर, बिहार में बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्मर्म और उसके तीन वर्षीय पुत्र की हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि मुरार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शनिवार को घर से बैंक ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएसपी) जाने के लिए निकली थी। उसके साथ उसका तीन वर्षीय पुत्र भी था। इस बीच रास्ते में कुछ लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बच्चे के रोने पर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी महिला को सड़क के किनारे झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गये। महिला किसी तरह अपने घर पहुंची तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में परिजनों ने दो नामजद तथा पांच अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। मामले में पुलिस ने तत्काल एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।