Breaking News

राज्यपाल से मिले योगी सौंपी नए मंत्रियों की सूची, ये नाम सबसे आगे

लखनऊ, आज राजधानी में पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एनडीए विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में योगी आदित्यनाथ को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके बाद योगी ने राजभवन पहुंच कर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया और मंत्रियों की लिस्ट भी सौंपी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन पहुंच कर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को 273 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसी के साथ उन्होंने नए मंत्रियों की लिस्ट भी सौंप दी है। राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार बनाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

योगी आदित्यनाथ ने संभावित मंत्रियों को शुक्रवार की सुबह चाय पर बुलाया है। सूत्रों के अनुसार, पिछली सरकार में रहे  17 मंत्रियों को नई सरकार में भी जगह मिलेगी। वहीं, 30 नए चेहरे भी नये मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व इस बार के मंत्रिमंडल में बढ़ेगा। वहीं, पूर्वांचल में पार्टी के खराब प्रदर्शन को देखते हुए इस इलाके को भी साधने का पूरा प्रयास किया जाएगा।पिछली सरकार में डिप्टी सीएम रहे केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा को इस बार भी मंत्री बनाया जा सकता है। इन दोनों का पोर्टफोलियो क्या होगा? इस का खुलासा होना बाकी है।

वहीं, पिछली सरकार में मंत्री रहे सिद्धार्थनाथ सिंह, जय प्रताप सिंह, ब्रजेश पाठक, सुरेश खन्ना, सतीश महाना, नंद गोपाल नंदी को चाय पर बुलाया गया है। इसके अलावा चाय पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी बुलाए गए हैं। उनके भी मंत्री बनने की चर्चा है। योगी की चाय पर 50 नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

मंत्री बनने की सूची में कई नये नाम आगे आए हैं। इसमें कांग्रेस से भाजपा में आई रायबरेली की विधायक अदिति सिंह , आईपीएस से कन्नौज विधायक बने असीम अरुण , सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह , नोएडा विधायक पंकज सिंह और बलिया विधायक दयाशंकर सिंह का नाम शामिल हो सकता है।