Breaking News

करूणानिधि की हालत नाजुक, स्टालिन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की

चेन्नई, द्रमुक अध्यक्ष एम करूणानिधि की हालत आज भी नाजुक बनी हुई है। वहीं उनके सैकड़ों समर्थक कावेरी अस्पताल के बाहर जमा हो रहे हैं और नेता की तंदुरूस्ती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि करूणानिधि के बेटे और द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष एम के स्टालिन ने मुख्यमंत्री के. पालीस्वामी से उनके आवास पर मुलाकात की और कुछ देर उनके साथ अकेले रहे।

अस्पताल 94 वर्षीय नेता की स्थिति पर एक बुलेटिन जारी कर सकता है। मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने भी शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक की और स्थिति की समीक्षा की। कावेरी अस्पताल ने कल शाम कहा था कि करूणानिधि का स्वास्थ्य बिगड़ा है। उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों की कार्य क्षमता को बनाए रखना चुनौती साबित हो रहा है। इसने कहा था कि अगले 24 घंटे अहम है।

इस बीच, द्रमुक के सैकड़ों कार्यकर्ता अलवरपेट में अस्पताल के बाहर इकट्ठा हो गए हैं और हर मिनट भीड़ बढ़ रही है। कई को रोते हुए और नेता की प्रशंसा करने वाले नारे लगाते देखा गया है। एक महिला बेहोश हो गई और अन्य लोगों ने उसके चेहरे पर पानी छिड़का और होश में लाए। अस्पताल और करूणानिधि के गोपालपुरम आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। करूणानिधि की हालत को लेकर बढ़ती चिंता को देखते हुए राज्य में अलर्ट घोषित किया गया है। प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।