Breaking News

अमेठी और रायबरेली जीतने के लिए प्रियंका गांधी डालेंगी डेरा…..

रायबरेली, वर्तमान लोकसभा चुनाव में रायबरेली और अमेठी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष को मजबूत करने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी का आज रायबरेली में आगमन हो रहा है और वह यहाँ कई दिन प्रवास करेंगी।

कांग्रेस पार्टी के सूत्रों से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष को मजबूत करने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी अपने भाई और कांग्रेस से रायबरेली संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी राहुल गांधी तथा अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा के लिए प्रचार प्रसार करने आज से कुछ दिन रायबरेली में प्रवास करेंगी और इस दौरान जनता से रूबरू होंगी।

गौरतलब है कि रायबरेली संसदीय क्षेत्र से राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की सीट से नामांकन किया है। यह कांग्रेस की परंपरागत सीट मानी जाती है जहां से राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी, दादी इंदिरा गांधी और मां सोनिया गांधी सांसद रहे है। इसके अलावा यहां से गांधी परिवार के अन्य रिश्तेदार अरुण नेहरू शीला कौल आदि भी सांसद चुने गए थे। तीन बार को छोड़ कर यह सीट हमेशा कांग्रेस के पास रही है।

राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। दिनेश प्रताप सिंह 2019 में सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके है। उस दौरान मोदी लहर के बावजूद सोनिया गांधी विजयी हुई थी। दिनेश प्रताप सिंह रायबरेली के ही रहनेवाले है।

अमेठी में कांग्रेस ने किशोरीलाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। किशोरीलाल करीब 40 वर्षों से गांधी परिवार के करीबी है और राजीव गांधी से लेकर सोनिया गांधी व उनके पारिवारिक मित्र कैप्टन सतीश शर्मा आदि के लिए काम कर चुके है। रायबरेली और अमेठी के चप्पे चप्पे से और यहां की राजनीति से वाकिफ व उंसमे खासा दखल रखने वाले किशोरी लाल भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ चुनावी मैदान में है।

पार्टी सूत्रों की माने तो प्रियंका गांधी तीन चार दिन रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में रुक कर पार्टी के लिए प्रचार प्रसार करेंगी। इस दौरान वह जनसभाएं व रोड शो भी करेंगी और डोर टू डोर जनता के बीच जा कर अपने भाई राहुल और किशोरी लाल के लिए वोट मांगेंगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी के आने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा और मतदाताओ पर कांग्रेस अपनी पकड़ और मजबूत करेगी।