Breaking News

सरकार स्टेडियम में दो दिनी बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू

रूद्रपुर/नैनीताल,  उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में हंस स्पोर्ट्स के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को शुभारंभ हो गया।

जिलाधिकारी उदय राज सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में राज्य के विभिन्न हिस्सों से 250 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया । उद्घाटन मैच आर ए एन स्कूल के तेजस जोशी व अनस रस्तोगी देहरादून के बीच खेला गया जिसमें तेजस जोशी 12/15, 10/15 से विजयी रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री सिंह ने कहा कि खेल का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। है खेल से शरीर स्वस्थ और मन स्थिर रहता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क वास करता है। साथ ही खेल हमें अनुशासित बनाता है।

वर्तमान समय में खेलों में भी कैरियर बनाने की अपार संभावनाएं हैं। इस मौके पर बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हंस स्पोर्ट्स के अमन अरोडा एवं रेखा अरोडा भी उपस्थित रहे। संचालन पूर्व अतंरराष्ट्रीय खिलाड़ी शरद जोशी ने किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, जिला क्रीडा अधिकारी जानकी कार्की, ऊधम सिंह नगर बैडमिंटन संगठन के अध्यक्ष पुष्कर राज जैन, सचिव विष्णु सक्सेना, पूर्व सदस्य लोक सेवा आयोग प्रयागराज, ऊधम सिंह नगर देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष डॉ. रामजी मौर्य के अलावा अनेक खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।