Breaking News

कानपुर पुलिस की पिटाई से युवक की मौत मामले में दर्ज हो हत्या का मुकदमा : भाकपा (माले)

लखनऊ,  भाकपा (माले) ने कानपुर में हनुमंत विहार थाने में पुलिस की पिटाई से 42 वर्षीय युवक दिनेश भदौरिया की बुधवार को हुई मौत मामले में एसएचओ सहित सभी जिम्मेदारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पार्टी के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने एक बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री योगी की पुलिस कानून व्यवस्था के नाम पर निर्दोषों की हत्या कर रही है। यही नहीं दबंगों और भू माफियाओं को प्रशासनिक संरक्षण भी दिया जा रहा है। कानपुर की घटना इसका सटीक उदाहरण है। खबर के अनुसार, उक्त युवक किसानी करता था। उसकी जमीन के प्लाट पर भूमाफिया ने कब्जा कर लिया था। कब्जा न छोड़ने के लिए पुलिस के साथ मिलकर थाने में इतनी पिटाई कराई की अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
माले नेता ने कहा कि पुलिस को ऐसी दुस्साहस करने की प्रेरणा मुख्यमंत्री योगी की नीतियों से मिल रही है। हिरासती मौतों में योगी शासित यूपी का नाम शुमार है। इसी तरह की कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री अपनी पीठ थपथपाते हैं। हकीकत यह है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज रह नहीं गई है। यहां पुलिस और दबंगों का राज है, जो मुख्यमंत्री की भाषा में ‘रामराज’ है। राज्य सचिव ने कहा कि हत्या के आरोपियों की फौरन गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्हें कठोर सजा दी जाए।