Breaking News

नोटबंदी के कारण घटी सोने की तस्करी- सीमा शुल्क

नई दिल्ली, दिल्ली हवाईअड्डे से सीमा शुल्क विभाग ने वित्त वर्ष 2016-17 में लगभग 240 किलो सोना जब्त किया जो वित्त वर्ष 2015-16 में जब्त सोने से 190 किलो कम है। इसकी वजह नोटबंदी बताई जा रही है। देश में सोने की मांग परंपरागत तौर पर ज्यादा रहती है क्योकि लोग इसमें निवेश करना पसंद करते हैं। सीमा शुल्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वित्त वर्ष 2015-16 में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सोना तस्करी के लगभग 355 मामले हुए।

इसमें सीमा शुल्क अधिकारियों ने प्रचलित बाजार मूल्य के हिसाब से 132 करोड़ रूपये मूल्य का 450 किलो सोना जब्त किया। अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष आठ नवंबर को नोटबंदी की घोषणा की थी जिसके बाद से सोने की तस्करी के मामलों मंे कमी आई है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2016-17 में सोने की तस्करी के 240 मामले हुए जिसमें 76.31 करोड़ रूपये मूल्य का 260 किलो सोना जब्त हुआ। अधिकारी ने बताया कि इन मामलों में करीब 100 लोग गिरफ्तार किए गए।

अधिकारी ने बताया नोटबंदी और उसके बाद सोने की तस्करी के मामलों में बड़ी गिरावट आई है। इसका मुख्य कारण नोटबंदी के बाद हवाला के तहत लेनदेन पूरी तरह बंद हो जाना है। सोने को देश में गैरकानूनी तरीके से लाने के लिए बड़े पैमाने पर हवाला के तहत लेनदेन किया जाता है। इसके अलावा तस्करी रोकने के लिए हवाईअड्डों पर लोगों की आवाजाही की भी कड़ी निगरानी की जा रही है। अधिकारी ने बताया हमने खुफिया सूचनाओं के आधार पर कई लोगों को पकड़ा है।