Breaking News

यूपी में घबराये राहुल निकाल रहे हैं सांकेतिक यात्रा : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में मंगलवार को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा पर प्रहार करते हुये सूबे के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में अपना जनाधार खो चुकी कांग्रेस सांकेतिक रूप से यात्रा निकालने को मजबूर है।

ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को पार्टी के प्रदेश दफ्तर पर पत्रकारों से बातचीत में कहा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की यात्रा ने घुटने टेक दिए है। देश और उत्तर प्रदेश की जनता लगातार कांग्रेस को नकार रही है। इसीलिए प्रदेश के किनारे-किनारे सांकेतिक यात्रा निकालने पर कांग्रेस मजबूर है। जो राहुल गांधी अमेठी की जनता को अपने साथ जोडे नहीं रह सके वे भारत जोड़ो यात्रा पर निकले है।

गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज से शुरू होकर पांच दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के तीन जिलों गाजियाबाद,बागपत और शामली में भ्रमण करेगी।

उन्होने कहा “ जो भारत को तोड़ने के जिम्मेदार है, जिनकी नीतियों ने समाज को तोड़ा। जिन्होंने जातिवाद, परिवारवाद, सम्प्रदायवाद, क्षेत्रवाद, आतंकवाद, नक्सलवाद को बढ़ावा दिया, वो आज भारत जोडो यात्रा पर निकले है। जिनका इतिहास भारत को तोड़ने का रहा है, वो भारत को जोड़ने की बात कर रहे है। जिन्होंने देश में लोकतंत्र को कमजोर करने काम किया वे भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहें है।”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्री राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में अपने गठबंधन/सहयोगी दलों को अपने साथ जोडे़ नहीं रख सके वे आज भारत जोडो यात्रा पर निकले है। वास्तव में ये भारत जोडो नहीं परिवार की राजनीति को बचाने की यात्रा है। क्या राहुल गांधी देश में कांग्रेस द्वारा थोपे गए आपातकाल के लिए जनता से माफी मांगेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राहुल गांधी के इंटरव्यू के माध्यम से भारत एवं भारतीयता का मनोबल गिराने का प्रयास किया गया है, जो सर्वथा निंदनीय और अक्षम्य है। श्री गांधी ने कमल हसन को दिए इंटरव्यू में अपनी मंशा साफ कर दी है कि चीन के सामने वैसे ही समर्पण कर देना चाहिए जैसे कांग्रेस के शासन काल में होता था।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि श्री गांधी ने बिल्कुल साफ कह दिया कि किसी जमाने में उनके खानदान के लोगों ने भाई-भाई का नारा दिया था, जिसकी वजह से भारत ने अपनी जमीन गंवाई थी। उनके इंटरव्यू सुनने के बाद अब कोई कन्फ्यूजन नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी चाहते हैं कि चीन के आगे भारत नतमस्तक हो जाए। भारतीय सेना का मनोबल गिराने के बाद अब राहुल गांधी 135 करोड़ भारतवासियों का मनोबल क्यों गिरा रहे हैं।

उन्होने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे लोककल्याण के काम और आत्मनिर्भर भारत की तरफ बढते कदमों पर भरोसा रखती है। यहां के लोग उत्तर प्रदेश को कांग्रेस मुक्त राज्य बनाने की ओर बढ़ चुके है जिससे घबराये राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में अपनी यात्रा को मात्र औपचारिक यात्रा बना रहे है।