Breaking News

शेरों का कुनबा बढ़ने पर अखिलेश यादव ने जताई खुशी

इटावा, उत्तर प्रदेश के इटावा के बीहड़ों में स्थित लायन सफारी में सोना नामक शेरनी ने एक शावक को जन्म दिया है। शावक के जन्म के बाद सफारी में खुशी का माहौल है।

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सफारी में शेरों का कुनबा बढ़ने पर खुशी का इजहार किया है। प्रदेश की मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक वन संरक्षक ममता संजीव दुबे ने शनिवार को बताया कि इटावा लायन सफारी पार्क में एशियाटिक शेरों का ब्रीडिंग सेंटर में अभी तक 11 शावकों का जन्म हो चुका है। सोना ने शावक को गुरुवार दोपहर में जन्म दिया है। शावक और शेरनी स्वस्थ हैं। शावक को आंखे खोलने में सफारी प्रशासन पूरी तरह सतर्कता बरत रहा है। जल्द ही नन्हे शावक की तस्वीर साझा की जायेगी। ब्रीडिंग सेंटर में किसी बाहरी व्यक्ति को फिलहाल जाने की अनुमति नहीं है। डॉक्टर और कीपर 24 घंटे नजर बनाए हुए हैं। अधिकारी सीसीटीवी से निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शेरों का कुनबा बढ़ाने के लिए सोना और शेर कान्हा की मीटिंग कराई गई थी।आईवीआरआई बरेली से उसकी प्रेग्नेंसी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सफारी प्रबंधन में खुशी की लहर दौड़ गई थी। शेरनी सोना शावक को जन्म देने के बाद स्वस्थ है। शावक भी स्वस्थ है। इससे पहले पिछले साल 10 अगस्त को सफारी में शावक विश्वा का जन्म हुआ था।

लॉयन सफारी में जो शावक उछलकूद कर रहे हैं। वह सब जेसिका और उसकी बेटियों की संताने हैं। सफारी में जेसिका ने सबसे पहले सिम्बा, सुल्तान को जन्म दिया था, जो अब काफी बड़े हो गए हैं। जेसिका ने आठ शावकों को जन्म दिया। जेसिका की ही बेटी जेनिफर ने भी दो शावकों को जन्म दिया और अब शेरनी सोना ने शावक को जन्म दिया है। शेरनी सोना भी जेसिका के परिवार की है। जेसिका और जेनिफर को गुजरात के जूनागढ़ से इटावा लाया गया था। इन दोनों ने इटावा में शेरों का कुनबा बढ़ाने का काम किया है।

सपा प्रखुख अखिलेश यादव ने ट्वीट किया “ इटावा लॉयन सफ़ारी’ में शेरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश सरकार अन्य जानवरों को बढ़ाकर इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की सफारी को पर्यटन के लिए पूरी तरह खोलकर इस क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ाए व सपा सरकार के समय दिये गये रखरखाव के कॉरपस फंड व टिकट की संख्या में भ्रष्टाचार रोके।”

पार्क की निदेशक श्रीमती दीक्षा भंडारी ने कहा कि शेरनी सोना की मां जैसिका द्वारा 2016 में दो नर शावक सिम्बा व सुल्तान, वर्ष 2018 एक नर शावक बाहुबली, वर्ष 2019 में दो मादा व एक नर भारत, रूपा, सोना तथा वर्ष 2020 में दो मादा शावक गार्गी व नीरजा को जन्म दिया जा चुका है। इसके अतिरिक्त सफारी पार्क की शेरनी जेनिफर जो 25 सितम्बर 2020 को गुजरात से लायी गयी थी तथा जिसकी मां भी जैसिका है के द्वारा अप्रैल-2020 में एक नर शावक केसरी तथा अगस्त-22 में एक नर शावक विश्वा को जन्म दिया जा चुका है। इस प्रकार सफारी पार्क में अब तक कुल 11 शावको ने जन्म लिया है।