Breaking News

2014 से पहले घोटाले थी भारत की पहचान: सीएम योगी

उन्नाव, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर अपरोक्ष रूप से निशाना साधते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से भारत की पहचान घोटालों के लिये होती थी जबकि आज यह देश दुनिया में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था के लिये जाना जाता है।

नगर निकाय चुनाव प्रचार अभियान के लिये यहां रामलीला मैदान पहुंचे श्री योगी ने मंगलवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि 2014 से पहले भारत का सम्मान नहीं था। लोग शक की निगाह से देखते थे। आंतरिक सुरक्षा छिन्न भिन्न थी। कहीं भी कोई घुसपैठ कर लेता था। कहीं भी विस्फोट हो जाते थे। कहीं भी कोई विदेशी दुश्मन धमकी दे जाता था। भारत के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। घोटाले पर घोटाले भारत की पहचान बन गयी थी। 2014 के बाद भारत की पहचान बदली है। आज भारत दुनिया की सबसे बडी अर्थव्यवस्था में से एक है। आज भारत के नौजवानों को लोग सम्मान से देखते हैं। भारत दुनिया के लिए एक नजीर बन रहा है।

उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश ने भी पिछले छह वर्ष के अंदर प्रदेश की तस्वीर को बदलने का काम किया है। 2017 से पहले बेटियां सुरक्षित नहीं थी। स्कूल नहीं जा पाती थी। व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल पाती थी। किसी गरीब को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। किसान का सम्मान नहीं था। यूपी के प्रत्तेक नागरिक के सामने पहचान का संकट था। आप सबने पिछले छह वर्ष में बदलते उत्तर प्रदेश को देखा है। आज शहरों या गांवों में शोहदों का आंतक नहीं है। व्यापारी हफ्ता नहीं देता है। शहरों में कूडे के ढेर नहीं लगे हैं। दंगा नहीं होते है। अब यूपी में नो दंगा नो कर्फयू यूपी में सब चंगा ही चंगा है। अब उत्सव होते हैं काशी में देव दीपावली और बरसाने में रंगोत्सव पहचान बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले जो पेशेवर अपराधी माफिया सीना तान कर चलते थे, महिलाओ और व्यापारियों को परेशान करते थे। वहीं अपराधी अब तख्ती लटकाकर जान की भीख मांग रहे हैं। पिछले 6 वर्ष में किसी की जाति देखकर नहीं पात्रता के आधार पर उसे आवास और अन्य योजनाओं का लाभ दिया गया है। भाजपा सरकार ने जातिवाद को समाप्त करने का काम किया है। जो लोग जातिवाद की बात करते थे लेकिन परिवार वाद की आड़ में लूट घसोट किया करते थे।

उन्होने कहा “ अब न रंगदारी न फिरौती अब उत्तर प्रदेश नहीं है किसी की बपौती।” उत्तर प्रदेश के हर नागरिक को विकास से जोडकर उसमें परिवार का भाव पैदा करने का काम डबल इंजन की सरकार ने किया है। यह चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि दिल्ली और लखनऊ से जो पैसा आता है उसका सही इस्तेमाल हो सके। इसी चुनाव के दृष्टिगत आपके पास आया हूं।

श्री योगी ने कहा कि पहले पार्टी विशेष के लोगों के हांथों में तंमचे होते थे आज नौजवानों के हांथ में टैबलेट है। पहले व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी आज व्यापारियों को पीएम स्वनिधि योजना से आच्छादित किया जाता है। पहले नगरों में शोहदों का आंतक होता था आज नगरों में वही शेर चीटी बन चुके है। पहले नगर कूडे का ढेर हुआ करते थे आज हमारे नगर स्मार्ट सिटी के रूप में विकशित हो रहे है। फिर कहा प्रधानमंत्री का विजन यूपी का मिशन है। यूपी का जो मिशन है उसे हम सबको पूरा करना है। अपराध व अपराधियों के लिए अब यूपी में कोई जगह नहीं है। न ही भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के लिए ही कोई जगह है। उत्तर प्रदेश आज विकास की और दुनिया की अन्य सुविधाओं के लिए आगे बढ रहा है।

मुख्यमंत्री ने जिले की नगर पालिका और नगर पंचायत के 18 अध्यक्ष प्रत्याशी और सदस्यों के लिए वोट की अपील करते हुये कहा कि 2022 में जिस तरह आप सभी ने डबल इंजन की सरकार पर एक बार फिर से विश्वास किया था। आप सब ने उन्नाव से सभी उम्मीदवारों को जिताने का कार्य किया था एक बार फिर से नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी के प्रत्याशियों को जिता करके डबल इंजन के आगे ट्रिपल इंजन लगा दीजिये।

उन्होंने कहा कि इन दिनों यूपी में नगर निकाय चुनाव चल रहे हैं। कुछ लोग इसे छोटा चुनाव बताते हैं। यह छोटा चुनाव नहीं है। यहां 762 नगर निकाय हैं जहां पर छह करोड की आबादी निवास करती है। जहां छह करोड की आबादी निवास करती हो वह चुनाव छोटा कैसे हो सकता है। दुनिया के कई देशों की आबादी छह करोड नहीं है।