मासूम बच्चों को कुंए में फेंककर मां ट्रेन के आगे कूदी

चित्तौड़गढ़, राजस्थान में चितौड़गढ जिले के कपासन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को कुंए में फेंककर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि काछियाखेड़ी में रात में रेलवे ट्रेक पर महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान अणछीबाई पत्नी पारस कच्छावा के रूप में हुई। मौके पर मौजूद मृतका के पति ने बताया कि शाम को वह अपने दो बच्चों मोनू (पांच) सोनू (तीन) को लेकर निकल गई थी।
पुलिस ने बताया कि रेलवे ट्रेक के पास स्थित एक कुंए में देखा गया तो वहां दोनों बच्चों के शव मिल गये। पुलिस ने तीनों शव रात में ही कपासन अस्पताल पहुंचा दिये।
मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि एक पारिवारिक विवाह समारोह में जाने की बात को लेकर घर में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह बच्चों को लेकर निकल गई थी। इस पर हमने समझा कि वह विवाह कार्यक्रम में गई है लेकिन रात को उसका शव रेलवे ट्रेक पर मिला और ग्रामीणों ने उसे भी सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





