शादी समारोह के दौरान गोलीबारी, एक युवक घायल

नोएडा, उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-142 थाना क्षेत्र के शाहदरा गांव में 27 अप्रैल की रात एक शादी समारोह के दौरान बारातियों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी हुई। इस घटना में एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
मंगलवार को पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी उन्होंने बताया कि, एक शादी समारोह के दौरान बारातियों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी तक पहुंच गया, जिसके बाद एक युवक को गोली लग गई। गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उसके परिजनों ने तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल युवक की हालत स्थिर है और अब वह खतरे से बाहर है।
घटना के बाद परिजनों द्वारा सेक्टर 142 थाना में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है और पुलिस की टीम मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे। इसके अलावा, अग्रिम वैधानिक कार्यवाही भी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की टीमों द्वारा जांच तेज कर दी गई है और इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने इस बात का आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस मामले में पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना प्रभारी का कहना हमने घटना के बाद मामला दर्ज कर लिया है और तफ्तीश जारी है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





