Breaking News

लोकसभा चुनाव से पहले सपा को बड़ा झटका, स्वामी प्रसाद मौर्य ने बनाई अपनी पार्टी

लखनऊ,लोकसभा चुनाव 2024 से पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने नई पार्टी का ऐलान किया है। उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी है।

आज स्वामी प्रसाद  मौर्य ने पार्टी का झंडा लांच किया। नीला, लाल और हरे रंग की पट्‌टी वाले इस झंडे में बीच में RSSP लिखा हुआ है। स्वामी प्रसाद ने 13 फरवरी को सपा के महासचिव पद से इस्तीफा दिया था। 7 दिन बाद ही उन्होंने पार्टी का ऐलान कर दिया। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी (RSSP) साहेब सिंह धनगर की है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने इसे री-लॉन्च किया है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीते दिनों सपा में उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अखिलेश यादव को लिखे गए अपने पत्र में कहा था कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और डॉ. राममनोहर लोहिया समेत सामाजिक न्याय के पक्षधर महापुरुषों ने 85 बनाम 15 का नारा दिया था। लेकिन, समाजवादी पार्टी इस नारे को लगातार निष्प्रभावी कर रही है।

आपको बता दें स्‍वामी प्रसाद मौर्य  22 फरवरी को दिल्‍ली के तालकटोरा स्‍टेडियम में एक रैली को सम्‍बोधित करेंगे। वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा में भी शामिल होंगे।