Breaking News

कोरोना पीड़ितों की संख्या 34 लाख के करीब पहुंची, रिकवरी दर सुधरी

कोरोना पीड़ितों की संख्या 34 लाख के करीब पहुंची, रिकवरी दर सुधरी

नयी दिल्ली, देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और गुरुवार देर रात तक संक्रमण के 74 हजार से अधिक नये मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 33.82 लाख के पार हो गया तथा 1046 और कोरोना मरीजों की मौत से मृतकाें की संख्या 61 हजार से अधिक हो गयी।

वायरस के बढ़ते कहर के बीच राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या में भी वद्धि जारी है और आज फिर से रिकवरी दर में आंशिक सुधार दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 74,403 नये मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 33,82,152 तथा मृतकों की संख्या 61,675 हो गयी है।

चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नये मामलों में वृद्धि जारी है जिसके कारण सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आज रिकॉर्ड 11,748 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामले बढ़कर 7,37,739 पहुंच गये।

इस दौरान 58,736 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों का आंकड़ा 25,82,179 पर पहुंच गया। इसके कारण स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 76.26 प्रतिशत से सुधरकर आज 76.34 फीसदी पर पहुंच गयी। मृत्यु दर भी घटकर 1.82 फीसदी रह जाने से भी राहत मिली है।

राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 14,857 नये मामले सामने आये। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 10621, कर्नाटक में 9386, तमिलनाडु में 5981, उत्तर प्रदेश में 5391, ओडिशा में 3384, पश्चिम बंगाल में 2997, केरल में 2406, असम में 2036, बिहार में 1861, दिल्ली में 1840, पंजाब में 1746, राजस्थान में 1345, मध्य प्रदेश में 1317, हरियाणा में 1293, गुजरात में 1190 तथा छत्तीसगढ़ में 1108 नये मामले सामने आये।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 75,760 नये मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 33,10,235 हो गया था। कोरोना मरीजों की संख्या में हुई यह रिकॉर्ड वृद्धि दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में दर्ज किया गया तीसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।

इससे पहले अमेरिका में 17 जुलाई को 76,930 और 25 जुलाई को 78,427 मामले सामने आए थे जबकि भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में सबसे बड़ा उछाल 22 अगस्त को दर्ज किया गया था। उस दिन भारत में 70,488 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया था।

कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 14,718 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या आज रात बढ़कर 7,33,568 पहुंच गयी। राज्य में इस दौरान 9,136 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 5,31,563 हो गयी है। इस दौरान 355 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 23,444 हो गयी है।

महाराष्ट्र में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज भी आंशिक गिरावट के साथ 72.46 प्रतिशत रह गई जबकि मरीजों की मृत्यु दर घटकर महज 3.19 प्रतिशत रह गयी। चिंता की सबसे गंभीर बात यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 5,361 की बढोतरी दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,78,234 रही जो पूरे देश में सबसे अधिक है।