Breaking News

अब आप अपनी समस्याओं को लेकर करिये सवाल , ‘कोविड इंडिया सेवा’ पर सरकार देगी सटीक जवाब

नयी दिल्ली, अब आप अपनी समस्याओं को लेकर सवाल पूछ सकतें हैं और ‘कोविड इंडिया सेवा’ पर सरकार यथाशीघ्र इसका सटीक जवाब देगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना महामारी से निपटने के बीच करोड़ों भारतीयों के साथ संवाद का सीधा चैनल स्थापित करने के लिए एक संवादात्‍मक प्‍लेटफॉर्म स्थापित करने के लिए ‘कोविड इंडिया सेवा’ का शुभारंभ किया।

डॉ. हर्षवर्धन ने इस अवसर पर कहा कि इस पहल का उद्देश्‍य वास्तविक समय में पारदर्शी ई-गवर्नेंस डिलीवरी को सक्षम बनाना और विशेष रूप से कोविड-19 महामारी जैसी मौजूदा संकटपूर्ण परिस्थितियों में बड़ी तेजी से नागरिकों के अनगिनत प्रश्नों का जवाब देना है। इसके जरिए लोग ऐटकोविडइंडियासेवा पर सवाल कर सकते हैं और उन्हें लगभग वास्तविक समय में जवाब मिल जाया करेगा। यह सेवा पिछले छोर पर स्थित एक डैशबोर्ड से काम करता है जो बड़ी संख्‍या में ट्वीट की प्रोसेसिंग करने में मदद करता है, उन्हें समाधान योग्य नाम-पत्र में रूपांतरित करता है और फि‍र उन्हें वास्तविक समय में समाधान के लिए संबंधित प्राधिकारी को सौंप देता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इसके लिए एक विशेष ट्वीटर एकाउंट ऐटकोविडइंडियासेवा की भी घोषणा की। इसमें प्रशिक्षित विशेषज्ञ नागरिकों के साथ संवाद के लिए एक सीधा चैनल बनाने में मदद करने के लिए बड़े पैमाने पर काफी तेजी से आधिकारिक सार्वजनिक स्वास्थ्य जानकारियां साझा करेंगे।
उन्होंने कहा,“समय के साथ ट्विटर विशेषकर जरूरत के समय में आपस में संवाद करने और सूचनाओं का आदान-प्रदान करने हेतु सरकार और नागरिकों दोनों ही के लिए एक आवश्यक सेवा साबित हुआ है। सामाजिक दूरी के साथ हम ट्विटर सेवा सॉल्‍यूशन अपनाकर एक ठोस ऑनलाइन प्रयास करके काफी प्रसन्‍न हैं। इसे विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा संचालित किया जाता है जो बड़े पैमाने पर प्रत्येक सवाल का विशिष्ट जवाब देने के लिए पूरी तरह से प्रशिक्षित और माहिर हैं। यह हमें भारतीय नागरिकों के साथ एक सीधा चैनल स्थापित करने में सक्षम करेगा, जो आधिकारिक स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक जानकारियां प्रदान करने के लिए वास्तविक समय में उनके साथ जुड़ेंगे।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ट्वीटर का यह विशेष एकाउंट लोगों के लिए सुलभ होगा, चाहे उनका दायरा स्थानीय हो या राष्ट्रीय। चाहे सरकार द्वारा किए गए विभिन्‍न उपायों पर नवीनतम अपडेट प्राप्‍त करना हो, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के बारे में जानना हो अथवा किसी ऐसे व्यक्ति के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करना हो जिसमें संभवतः रोग के लक्षण हैं, लेकिन वह इस बात के बारे में अनिश्चित है कि मदद के लिए कहां जाएं, तो वैसी स्थिति में यह सेवा लोगों को अधिकारियों तक पहुंचने के लिए सशक्त बनाएगी। लोग इस सेवा पर ट्वीट करके अपने प्रश्नों का उत्तर पा सकते हैं। चूंकि ये जवाब पारदर्शी और सार्वजनिक होंगे, इसलिए एक जैसे प्रश्नों के उत्‍तर से सभी लोग लाभ उठा सकते हैं। मंत्रालय व्यापक प्रश्नों का जवाब देगा और इसके साथ ही सार्वजनिक स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देगा। इसके तहत जनता को निजी संपर्क ब्‍यौरा या स्वास्थ्य रिकॉर्ड के विवरण को साझा करने की आवश्यकता नहीं है।
इस संवादात्‍मक प्लेटफॉर्म को लॉन्च करने पर ट्विटर की सार्वजनिक नीति निदेशक (भारत और दक्षिण एशिया) महिमा कौल ने कहा,“हम सरकार द्वारा नागरिकों के साथ संवाद करने और जनता को एक-दूसरे से जुड़े रहने के लिए एक आवश्यक सेवा के रूप में अपनी भूमिका को बखूबी समझते हैं। सामाजिक दूरी के साथ हम भारत सरकार के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं क्योंकि वे बड़े पैमाने पर जनता से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया के प्रभाव का उपयोग करते हैं।”
पिछले तीन महीनों में मंत्रालय ने कोरोना के खिलाफ युद्ध में कई पहल की हैं जिनमें एक संचार रणनीति का हिस्सा भी शामिल है। इसमें यात्रा एवं स्वास्थ्य संबंधी विशेष एडवाइजरी और सरकारों, अस्पतालों, नागरिकों, विभिन्न स्वास्थ्य कर्मि‍यों, कर्मचारियों एवं विभिन्न अन्य ज्ञान संसाधनों के लिए सार्वजनिक तथा निजी क्षेत्रों में विभिन्न हितधारकों के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश, मानक संचालन प्रक्रियाएं एवं प्रोटोकॉल शामिल हैं।

प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया जैसे संचार के विभिन्न चैनलों को एक समग्र जागरूकता अभियान के हिस्से के रूप में तैनात किया गया है। इन्‍हीं सहयोगी प्रयासों का यह परिणाम है कि आज वायरस से बचने के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने, बार-बार हाथ धोने और श्वसन से जुड़े बुनियादी उपायों के बारे में लोगों के बीच व्यापक जागरूकता है। इतना ही नहीं, यह प्रयास सरकार की रोकथाम और नियंत्रणकारी उपायों में समुदाय के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने में भी सफल रहा है।