Breaking News

जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी, यूपी मे कई जिलों मे हिंसक प्रदर्शन

लखनऊ , जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उतरकर  प्रदर्शनकारियों ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन किया, यूपी मे  कई जिलों मे आगजनी, पथराव और फायरिंग के कारण प्रदर्शन हिंसक हो गया।

उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शुक्रवार को भी कई जगह जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन हुये और पुलिस पर पथराव किया गया ।

नागरिकता कानून पर उत्तर प्रदेश में हिंसा की आग एक बार फिर से भड़क गई है।

गोरखपुर,अमरोहा,फिरोजाबाद,मुजप्फरनगर ,हापुड़ और कानपुर में जुमे की नमाज के बाद लाेग सड़कों पर आ गये और पुलिस बल पर पथराव किया । फिरोजाबाद में उपद्रवियों ने आगजनी की और पुलिस पर पथराव किया । अपने बचाव में पुलिस को लाठियां चलानी पड़ी । लाठीचार्ज में कुछ लोग घायल हो गये जबकि पथराव में कुछ पुलिस वाले भी जख्मी हुये हैं ।

गोरखपुर में नखास में भीड़ बेकाबू हो गई है। भीड़ को समझाने आई पुलिस पर पथराव किया गया तो पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया।आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की भी सूचना मिल रही है। एडिशनल एसपी की गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया।

बुलंदशहर में जुमे की नमाज़ के बाद उपरकोट में प्रदर्शन के दौरान पथराव हुआ। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई है। पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर बितर किया है।
अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया है। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। यहां भीड़ ने तीन बाइकों को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण हैं।
संभल के चंदौसी चौराहे पर भी प्रदर्शनकारी जमा हो गए हैं। यहां पर इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
वहीं, रामपुर में भी नागरिकता कानून का विरोध जारी है। शनिवार को उलेमाओं ने बंद बुलाया है। मुरादाबाद में पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी हुई। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया है। धारा 144 का उल्लंघन किया जा रहा है।
हापुड़ में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की है। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव भी किया। हापुड़ में हजारों की भीड़ दोपहर की नमाज के बाद बुलंदशहर रोड से जुलूस के रूप में तहसील चौपला पहुंची थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया।
फिरोजाबाद में नागरिकता संशोधन कानून का जबरदस्त विरोध हो रहा है। शुक्रवार को थाना रसूलपुर क्षेत्र में धार्मिक स्थल से इबादत के बाद निकले लोग पुलिस से भिड़ गए। पुलिस पर जबरदस्त पथराव किया गया। कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। कुछ उपद्रवियों ने फायरिंग भी की है। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।
कानपुर में नागरिकता सशोधन अधिनियम के तहत परेड चौराहे पर प्रदर्शन कर रही भीड़ अचानक हिंसक हो गई। बेकाबू भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस को काबू पाने के लिए लाठियां पटकनी पड़ी। कानपुर के बाबूपुरावा, मछरिया सहित कई क्षेत्राें में लोग प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे थे।
पुराने लखनऊ में बड़े इमामबाड़े में जुमे की नमाज़ सकुशल सम्पन्न हुई। नमाज़ पढ़कर नमाज़ी अपने अपने घर चले गए। अभी तक पूरी तरह शांति है।

इससे पहले,  उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लखनऊ के 350 लोगों सहित लगभग 3000 प्रदर्शनकारियों को गुरुवार रात तक गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।