Breaking News

यूपी के संतकबीरनगर जिले में आए भीषण चक्रवात ने मचाई भारी तबाही

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले में मंगलवार की शाम आए भीषण चक्रवात ने भारी तबाही मचाई।

सबसे ज्यादा प्रभाव जिले के दक्षिणी भाग धनघटा तहसील क्षेत्र में पड़ा। तेज हवा में दर्जनों पेड़ उखड़ कर ढह गये जिससे कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन बन्द हो गया है। विशालकाय पेड़ गिरने से धनघटा-बिड़हरघाट मार्ग जाम हो गया। मोबाइल के टावर ढह गये। विद्युत पोल टूटने से विद्युत आपूर्ति भंग हो गयी। दर्जनों मकानों में लगे टीन शेड उजड़ गये। तूफान से बचने के लोग घरों मे दुबक गए। आसमान में बिजली की गर्जना से पूरा इलाका थर्रा गया।

तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश से खलिहानों में रखी फसल भी बर्बाद हो गई। सड़कों के किनारे पान की गुमटियां, मकानों मे लगे टीन शेड हवा के झोंकों मे बिखर गये। लहुरेगांव में एक के घर के सामने विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गया। जिससे अम्बेडकरनगर जाने वाला धनघटा-बिड़हरघाट मार्ग जाम हो गया। धनघटा तहसील मुख्यालय के सामने सड़क पर विशाल नीम का पेड़ गिर गया। सड़क पर जगह-जगह पेड़ों के गिरने से सड़क जाम हो गई।

पेड़ों के गिरने से धनघटा से अम्बेडकरनगर, आजमगढ़ मार्ग बन्द हो गया। एयरटेल का टावर ध्वस्त हो गया। इससे लोगों के मोबाइलों पर नेटवर्क गायब हो गये। मड़पौना स्थित एक ईंट भठ्ठे पर लगी चिमनी टूट कर मजदूरों की बस्ती पर गिर गयी लेकिन गनीमत रही कि कोई मजदूर हताहत नहीं हुआ। चकिया, नरायनपुर, शिवापार, गाइबसन्तपुर आदि अनेक स्थानों पर पोल उखड़ने से विद्युत सप्लाई बाधित हो गयी। हैंसर, पौली, उमरिया बाजार, गोविंदगंज, रोसयाबाजार, लोहरैया आदि इलाको मे विद्युत सप्लाई बाधित हो गयी। धनघटा का इलाका अंधेरे मे डूब गया।