Breaking News

आज के मुख्य समाचार

लखनऊ , 29 अक्तूबर 2017,  रात्रि आठ बजे तक के मुख्य समाचार इस प्रकार हैं-

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत ने हमेशा शांति, एकता और सद्भाव का संदेश दिया है और हमारे सशस्त्र बल दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र मिशनों के माध्यम से इस दिशा में योगदान देते रहे हैं। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान में करीब 7,000 भारतीय सुरक्षा कर्मी शांतिरक्षण मिशनों में तैनात हैं और यह शांतिरक्षण अभियानों में तीसरा सबसे बड़ा योगदान है। 

लखनऊ, यूपी में नगर निकाय चुनाव मे लीड लेते हुये समाजवादी पार्टी ने नगर निगमों मे मेयर पद की अपनी पहली सूची जारी कर दी. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने मेयर पद के प्रत्याशियों का ऐलान करते हुए बताया कि पहली सूची मे सपा ने 7 मेयर के नामों की घोषणा की है.लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय मे सुबह से ही प्रदेश की निकाय चुनाव प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई. 

लखनऊ, आज गोवंश सड़कों पर निराश्रित घूमने को मजबूर है. बिना भोजन पानी के भटकते गाय, बैल आज सड़कों से लेकर  खेतों तक दिखायी दे रहें हैं. बिना भोजन पानी के सड़को पर घूम रहे गोवंशी आये दिन सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहें है. जिसके कारण गोवंश तो हताहत होता ही है. दुर्घटना में सफर कर रहा व्यक्ति भी घायल होता है. और कभी-कभी तो मानव जीवन की हानि भी हो जाती है.

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव महिलाओं के प्रति क्या नजरिया है और  समाजवादी पार्टी के द्वारा वह महिलाओं के कल्याण के लिये क्या करना चाहतें हैं, यह सारे विचार उन्होने पार्टी मुख्यालय,  में भारी संख्या में आई समाजवादी पेंशन से वंचित गरीब महिलाओं को सम्बोधन के दौरान व्यक्त किये।

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में अमेरिकी कंपनियों के लिए ‘रेड कार्पेट’ बिछाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब इस सप्ताहांत मॉरीशस जाकर अनिवासी भारतीयों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री एक से तीन नवंबर तक मॉरीशस यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रवासी भारतीय दिवस में शामिल होंगे। निवेशकों को आकर्षित करने के लिहाज से यह एक बड़ा आयोजन होगा।

 लखनऊ, नगर निकाय चुनाव मे टिकटों को लेकर समाजवादी पार्टी मे सबसे ज्यादा घमासान दिखायी पड़ रहा है। कुछ जिलों मे तो हालात यह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को स्वयं इसमे हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। जबकि समाजवादी पार्टी के दिशा निर्देशों के अनुसार मात्र मेयर और नगर पालिका के चेयरमैन के टिकट अखिलेश यादव फाइनल करेंगे और सभी टिकट जिले से ही फाइनल होंगे।

लखनऊ,  प्रदेश में सुबह और रात के मौसम में जहां अब ठण्ड का असर दिखने लगा है वहीं दिन में भी धूप के तेवरों में कमी आयी है। हालांकि अक्टूबर का अन्तिम सप्ताह होने के बावजूद ठण्ड पूरी तरह जोर नहीं पकड़ रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक नवम्बर के पहले सप्ताह से तापमान में गिरावट होगी। इसका प्रमुख कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली आर्द्र और गर्म हवाएं हैं। यह हवाएं थोड़े अंतराल के बाद उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में प्रभावी रही हैं और यही वजह है कि तापमान में बहुत ज्यादा कमी नहीं होने पाई। 

श्रीनगर,  कश्मीर घाटी में बीती रात मध्यम तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किया गया, लेकिन इसमें किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। रिक्टर पैमाने पर 5.7 तीव्रता वाला यह भूकंप अफगानिस्तान के हिन्दूकुश क्षेत्र में केंद्रित था। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने  को बताया कि बीती रात सवा ग्यारह बजे 5.7 तीव्रता का भूकंप आया जो अफगानिस्तान के हिन्दूकुश क्षेत्र में 100 किलोमीटर की गहराई पर केंद्रित था। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि घाटी में कहीं से भी जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।