तेज बुखार से बच्ची की मौत,दो दर्जन से अधिक बीमार

फतेहपुर,  उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के विजयीपुर ब्लॉक के सिलमी गांव में तेज बुखार और भीषण गर्मी के बीच एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक बच्चे बुखार, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन से पीड़ित हैं।

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार सिलमी गांव में भीषण गर्मी और तेज बुखार से पीड़ित अयांशी (2) की मौत हो गई। गांव में कई छोटे बच्चे पिछले कई दिनों से तेज बुखार, उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत से जूझ रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंप लगाकर मरीजों का उपचार शुरू किया। कैंप में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) जेबा, एएनएम मनसा भारती तथा एएलटी मनीष ने 27 बच्चों की जांच की।

जांच के दौरान बुखार, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन से पीड़ित बच्चों को मौके पर ही दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

परिजनों का कहना है कि पिछले कई दिनों से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। तेज धूप और लू के कारण गांव में छोटे बच्चों की हालत बिगड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण समय पर समुचित उपचार नहीं मिल सका।

हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में डेरा डाले हुए है, लेकिन ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हैं और अपने बच्चों के इलाज के लिए निजी चिकित्सकों की शरण ले रहे हैं।

Related Articles

Back to top button