Breaking News

देश में कोरोना मामले 80 लाख के पार, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई इतने लाख

नयी दिल्ली, देश में बुधवार को कोरोना वायरस (कोविड-19) के नये मामलों की संख्या 80 लाख के पार पहुंच गयी जबकि राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 6.05 लाख रह गयी है।

विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक आज देर रात तक संक्रमण के 35,308 नये मामलों के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 80,24,413 हो गया है और मृतकों की संख्या 345 और बढ़कर 1,20,400 हो गयी है।

देश में नये मामलों की तुलना में कोरोना महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में 40,005 कोरोना मरीजों के ठीक होने के साथ अब तक 72,97,450 लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं।

कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी आने और इनकी तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में की कमी दर्ज की गयी है। सक्रिय मामले 5,626 और घटकर 6,05,177 पर आ गये हैं।

कोरोना से देश में सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,29,746 तक रह गयी जो सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है जबकि केरल 93,266 सक्रिय मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। कर्नाटक 67,037 मामलों के साथ अब तीसरे स्थान पर है जबकि पश्चिम बंगाल 37 हजार से अधिक मामलों के साथ चौथे स्थान पर है।

कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में फिर से कोरोना संक्रमण के नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गयी और इस दौरान सक्रिय मामलों में 1,798 की और गिरावट दर्ज की गयी। सक्रिय मामलों की संख्या घट कर अब 1,29,746 रह गयी।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 6,738 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,60,766 पहुंच गयी। इसी अवधि में 8,430 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 14,86,926 हो गयी है तथा 91 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 43,554 हो गयी है। राज्य में लंबे अंतराल के बाद मृतकों की संख्या 100 से नीचे दर्ज की गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 89.53 फीसदी पहुंच गयी है जबकि मृत्यु दर महज 2.62 प्रतिशत है।

कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 87,90,206 हो गयी हैं। इस हिसाब से भारत अब अमेरिका से 7.65 लाख मामले ही पीछे है।