Breaking News

भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश की महिलाओं-बच्चियों की जिंदगी के लिए अभिशाप-अखिलेश यादव

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश की महिलाओं-बच्चियों की जिंदगी के लिए अभिशाप बन गई है। महिलाओं-बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले में प्रदेश बुरी तरह देश भर में बदनाम हो रहा है। पुलिस का बर्ताव जहां महिलाओं के विरूद्ध अभद्रता का रहता है वहीं वह बलात्कारियों को बचाने का भी काम करती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में दलित वंचित वर्ग की महिलाओं पर अत्याचार की सभी हदें पार हो गई हैं। उन्नाव में दबंगों ने खेत पर गई दलित महिला से गैंगरेप किया। पुरवा में घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ है। प्रयागराज में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई करने की जगह उल्टा दुष्कर्म पीड़िता को बदनामी का भय दिखाकर खामोश रहने और मामला दबाने का प्रयास किया गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतापगढ़ में अपनी फरियाद लेकर थाने पहुंची महिलाओं से पुलिस कर्मियों ने अभद्रता की, थाने से भगाया। नारी सम्मान की बात करने वाली भाजपा सरकार का यही चाल, चरित्र और चेहरा सामने आ रहा है। बरेली में घर में बंधक बनाकर महिला से दुष्कर्म किया गया। बरेली में ही अपनी बुआ के घर आई युवती का अपहरण कर लिया गया। कुशीनगर में बच्ची से दुष्कर्म किया गया। शामली में 9वीं की छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई।

अखिलेश यादव ने कहा कि अपराध पर जीरों टालरेंस के बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री जी बताएं कि उनके खौफ से अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए तो रोज ही महिलाओं की इज्जत तार-तार करने वाले अपराधी कहां से आए हैं? सच तो यह है कि भाजपा राज में सत्ता संरक्षण में ही अपराधी फलफूल रहे हैं। उन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।