Breaking News

लोग किसी भ्रम में न रहें, पांच साल चलेगी सरकार: भूपेंद्र सिंह

राजगीर,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्य में मध्यावधि चुनाव होने के दावे और मन्त्रिमंडल विस्तार में हो रही देर को लेकर सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चलने की अटकलों पर विराम लगाते हुए आज कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एकजुट है और सरकार अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।

भाजपा के बिहार मामलों के प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव ने रविवार को यहां पार्टी के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे और अंतिम दिन की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में सबकुछ ठीक है। राजग एकजुट है और राज्य में उसकी सरकार पांच साल चलेगी। उन्होंने कहा कि लोग किसी भ्रम में न रहें।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने कहा कि राजग के घटक दलों के बीच में कोई परेशानी नहीं है। देश के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के छह साल के कार्यकाल में देशवासियों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।