Breaking News

आध्यात्मिक गुरु भय्यू जी महाराज की संदिग्ध हालत में हुई मौत

इंदौर , अध्यात्म गुरू भैय्यू महाराज की आज  संदिग्ध हालत में  मौत हो गई. इंदौर के पुलिस उप महानिरीक्षक एच सी मिश्रा ने बताया कि भैय्यू महाराज ने यहां खुद को गोली मार ली।उनका मूल नाम उदय सिंह देशमुख था। शहर के बॉम्बे हॉस्पिटल के महाप्रबंधक राहुल पराशर ने बताया कि उन्हें अस्पताल लाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

भैय्यू महाराज का असली नाम उदय सिंह देशमुख था और वह अपने अनुयायियों में भय्यू महाराज के नाम से जाने जाते थे। वह अपने आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में काफी लोकप्रिय थे। उनके बहुत सारे समर्थक अस्पताल के बाहर जमा हो गए।

अध्यात्म गुरू का आश्रम इंदौर शहर में स्थित है और उनके अनुयायियों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित कई शीर्ष नेता , सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर सहित कई मशहूर हस्तियां शामिल थीं। अन्ना हजारे के नेतृत्व में इंडिया अगेंस्ट करप्शन  जब अपने चरम पर था तब उन्होंने मध्यस्थ की भूमिका भी निभायी थी।