Breaking News

कृषि काूनन देश और किसानों के हित में हैं, पर विपक्षी दल भ्रम फैला रहे : मुरलीधर

इंदौर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्यप्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने आज दावा करते हुए कहा कि देश के अधिकांश किसान केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए कृषि कानूनों के पक्ष में हैं, लेकिन इस संबंध में भ्रम का माहौल बनाया जा रहा है।

प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने आए श्री राव ने यहां मीडिया से चर्चा में कहा कि कृषि काूनन देश और किसानों के हित में हैं। यह बात अधिकांश किसान समझ रहे हैं, लेकिन विपक्षी दल के नेता भ्रम फैला रहे हैं और ऐसा प्रचारित करने की कोशिश कर रहे हैं, जैसे पूरे देश के किसान सड़कों पर हैं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों से हमेशा बातचीत के लिए तैयार थी और वर्तमान में भी है। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में भरोसा नहीं है। वे चुनाव में जीत नहीं सकते और सड़कों पर आकर संघर्ष नहीं कर सकते हैं, इसलिए दूसरों के कंधों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे षड़यंत्र के जरिए आंदोलन को लेकर भ्रम फैलाने, गलतफहमी पैदा करने और इस तरह के अन्य कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा ऐसे लोगों के षड़यंत्र को पूरे देश में बेनकाब करने का कार्य करेगी।

श्री राव ने कहा कि मध्यप्रदेश के किसान भाजपा की रीति और नीतियों से संतुष्ट हैं और हम सरकार तथा संगठन के स्तर पर किसानों से संवाद लगातार जारी रखेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका तक नहीं निभा पा रही है। उनके नेता आपसी खींचतान में व्यस्त हैं।